सदियों से सूर्यदेव को क्यों प्रणाम कर रहा है संसार? योग दिवस पर जानिए

We are just an advanced breed of monkeys on a minor planet of a very average star. But we can understand the Universe. That makes us something very special.

admin
4 Min Read

International Yoga Day 2026: योग की कई क्रियाओं में सूर्य नमस्कार का विशेष महत्व बताया गया है. यही कारण है कि योगाभ्यास की शुरुआत अक्सर सूर्य नमस्कार से की जाती है. आइए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जानते हैं कि सूर्य नमस्कार का धार्मिक महत्व क्या है और सूर्य को प्रणाम क्यों किया जाता है.

 हर साल 21 जून को पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाती है. योग के सभी आसनों और प्राणायामों में सूर्य नमस्कार को सबसे खास और संपूर्ण माना गया है. शारीरिक फिटनेस और मानसिक शांति के लिए रोज सुबह सूर्य नमस्कार करते ही हैं, लेकिन भारतीय संस्कृति और परंपरा में इसका महत्व सिर्फ कसरत तक सीमित नहीं है. आइए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के इस खास मौके पर जानते हैं कि सूर्य नमस्कार का धार्मिक और पौराणिक महत्व क्या है और क्यों सदियों से हमारे ऋषि-मुनि उगते हुए सूर्य को प्रणाम करने की सलाह देते आ रहे हैं.

हिंदू धर्म में सूर्य का विशेष स्थान

हिंदू धर्म में सूर्यदेव को प्रत्यक्ष यानी जो आंखों के सामने हो, वो देवता माना गया है. जहां सभी देवी-देवताओं को केवल मूर्ति रूप में ही देख पाना संभव है, वहीं सूर्य एक ऐसे देव हैं जिन्हें हर दिन अपनी आंखों से देखा जा सकता है. वे संसार को प्रकाश, ऊर्जा और जीवन प्रदान करते हैं. धार्मिक ग्रंथों में सूर्य देव को स्वास्थ्य, तेज, आत्मबल, सफलता और सकारात्मक ऊर्जा का कारक माना गया है. मान्यता है कि सूर्य की कृपा से व्यक्ति के जीवन में आत्मविश्वास बढ़ता है और नकारात्मकता दूर होती है.

सूर्य नमस्कार क्यों किया जाता है?

सूर्य नमस्कार का अर्थ है सूर्य देव को नमस्कार या प्रणाम करना. प्राचीन ऋषि-मुनियों ने इसे शरीर, मन और आत्मा को संतुलित रखने की एक महत्वपूर्ण साधना माना था. जब कोई व्यक्ति सूर्य नमस्कार करता है, तो वह केवल योगासन नहीं कर रहा होता, बल्कि सूर्य देव के प्रति अपनी श्रद्धा और आभार भी व्यक्त कर रहा होता है. यह संदेश देता है कि मानव जीवन प्रकृति और सूर्य की ऊर्जा पर निर्भर है, इसलिए उनका सम्मान करना आवश्यक है.

धार्मिक दृष्टि से क्या है महत्व?

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सुबह उगते हुए सूर्य को जल अर्पित करना और सूर्य नमस्कार करना अत्यंत शुभ माना जाता है. ऐसा करने से सूर्य देव प्रसन्न होते हैं और जीवन में सुख, समृद्धि तथा उन्नति का आशीर्वाद प्रदान करते हैं. ज्योतिष शास्त्र में भी सूर्य को आत्मा, पिता, नेतृत्व क्षमता और सम्मान का कारक ग्रह माना गया है. इसलिए सूर्य की उपासना करने से व्यक्ति के आत्मविश्वास, निर्णय क्षमता और सामाजिक प्रतिष्ठा में वृद्धि होने की मान्यता है.

सूर्य नमस्कार में छिपा है आध्यात्मिक संदेश

सूर्य नमस्कार की 12 मुद्राएं केवल शरीर को सक्रिय करने के लिए नहीं बनाई गई हैं. इनमें जीवन के प्रति समर्पण, अनुशासन और जागरूकता का संदेश भी छिपा हुआ है. योग परंपरा के अनुसार जब व्यक्ति सूर्य नमस्कार के साथ मंत्रों का उच्चारण करता है, तो उसका मन एकाग्र होता है और भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. इससे मानसिक शांति और आध्यात्मिक संतुलन प्राप्त करने में मदद मिलती है.

योग और धर्म का सुंदर संगम

सूर्य नमस्कार को योग और आध्यात्मिकता का अद्भुत संगम माना जाता है. इसी कारण अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सूर्य नमस्कार को विशेष रूप से महत्व दिया जाता है. यह न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है, बल्कि भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा के महत्व के भी दिखाता है.

Share This Article
Leave a Comment