मुजफ्फरपुर में किराना दुकानदार की बेटी बनी DSP… कोचिंग के लिए भी नहीं थे पैसे, बिटिया ने BPSC में लगाई हैट्रिक, हैरान कर देगी Success Story
Jaya Kumari Success Story: मुजफ्फरपुर की जया कुमारी ने 70वीं बीपीएससी परीक्षा में 934वीं रैंक लाकर डीएसपी का पद हासिल किया है. बेहद साधारण पृष्ठभूमि से आने वाली जया के पिता किराना दुकानदार हैं. आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने ट्यूशन पढ़ाकर टेस्ट सीरीज के पैसे जुटाए और बीपीएससी में लगातार तीसरी जीत हासिल कर सफलता की हैट्रिक लगाई.
हौसले बुलंद हों और इरादे मजबूत, तो सीमित साधन भी कामयाबी का रास्ता नहीं रोक सकते. बिहार के मुजफ्फरपुर की बेटी जया कुमारी ने इस बात को सच कर दिखाया है. एक बेहद साधारण परिवार से आने वाली जया ने 70वीं बीपीएससी (BPSC) परीक्षा में डीएसपी (DSP) का पद हासिल कर इतिहास रच दिया है. खास बात यह है कि बिहार लोक सेवा आयोग की इस प्रतिष्ठित परीक्षा में यह उनकी लगातार तीसरी सफलता है, जिसके साथ उन्होंने कामयाबी की अनोखी हैट्रिक पूरी कर ली है.
मुजफ्फरपुर के गोबरसाही इलाके की रहने वाली जया कुमारी का सफरनामा बेहद प्रेरणादायक है. उनके पिता सुनील कुमार एक छोटी सी किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि मां दुर्गा रानी गृहिणी हैं. जया ने 12वीं तक की पढ़ाई मुजफ्फरपुर से ही पूरी की. इसके बाद उन्होंने आगे की पढ़ाई के लिए दिल्ली का रुख किया और जेएनयू (JNU) से अपनी मास्टर्स डिग्री पूरी की.

